हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। गांवों में आज भी गौ माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी है। गौसंरक्षण के जरिए प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन आश्रय दिया जा रहा है। इनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।
पांच हाइड्रोलिक एंबुलेंस से पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था गौसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन करा रही है तथा जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जिले में ही तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं। इससे स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।
प्रदेश में 81 गोसदनों में 16 हजार से अधिक गोवंश को संरक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना भी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है, ताकि गांवों के स्तर पर गौसेवा और संरक्षण की व्यवस्था मजबूत हो सके। शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान तलाशने की जरूरत है। केवल गौशालाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए जनसहभागिता जरूरी है। सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
2027 के कुंभ की तैयारियों पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं शहर की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुंभ के मद्देनजर सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई दी।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Pls read:Uttarakhand: मुख्यमंत्री ने नौवें जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ, 52.55 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात