देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री गंगोत्री, श्री केदारनाथ और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने पर श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बाबा केदार, मां गंगा और मां यमुना से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 नवंबर को श्री गंगोत्री धाम और 11 नवंबर को श्री केदारनाथ एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। अब 16 नवंबर को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या देवभूमि उत्तराखंड के प्रति देश-दुनिया के लोगों की अटूट धार्मिक और आध्यात्मिक आस्था को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। इसमें तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक पहचान के साथ प्रदेश की आर्थिकी, पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि बाबा केदार, भगवान बदरी विशाल, मां गंगा और मां यमुना की कृपा समस्त देशवासियों पर बनी रहे।
Pls read:Uttarakhand: स्वच्छ सर्वेक्षण में रुद्रपुर ने हासिल किया हिमालयी राज्यों में पहला स्थान