Himachal: मां से दूर रहने का दर्द लेकर सीएम सुक्खू के पास पहुंची पांचवीं की छात्रा, घर के पास तैनाती की लगाई गुहार – The Hill News

Himachal: मां से दूर रहने का दर्द लेकर सीएम सुक्खू के पास पहुंची पांचवीं की छात्रा, घर के पास तैनाती की लगाई गुहार

तीसा (चंबा)। मां से मिलने और परिवार के साथ रहने की इच्छा लिए पांचवीं कक्षा की छात्रा वंशिका ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भावुक अपील की। चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बैरागढ़ के देहग्रां में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बच्ची मुख्यमंत्री के सामने अपनी भावनाएं रोक नहीं पाई। उसने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि उसकी मां की तैनाती घर के नजदीक करवाई जाए, ताकि परिवार एक साथ रह सके।

मुख्यमंत्री को अपने सामने देखकर वंशिका उनसे लिपटकर रोने लगी। उसने बताया कि उसकी मां 600 किलोमीटर से अधिक दूरी पर नौकरी कर रही हैं। बच्ची की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे गले लगाया और प्यार से उसकी पूरी बात सुनी। इस दौरान उन्होंने वंशिका से उसकी मां की नौकरी और परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

शिमला जिले में तैनात हैं मां

वंशिका ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसकी मां नरो देवी शिमला जिले के शिक्षा खंड नेरवा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोवल में जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले दो वर्षों से वहां सेवाएं दे रही हैं। वंशिका के पिता गिरीश कुमार किसान हैं। बच्ची और उसका भाई पिता के साथ घर पर रहते हैं, जबकि मां नौकरी के कारण परिवार से दूर रहती हैं।

जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ना चाहती है वंशिका

बातचीत के दौरान वंशिका ने बताया कि वह जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ाई करना चाहती है। इसके लिए उसे जिले के स्कूल में शिक्षा हासिल करना जरूरी है। परिवार की परिस्थितियों और मां की दूर तैनाती के कारण उसे उनसे अलग रहना पड़ रहा है। बच्ची ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उसकी मां को घर के आसपास तैनात करने के लिए मदद की जाए।

वंशिका की बातें सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे दोबारा गले लगाया और उसकी समस्या पर ध्यान देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नरो देवी की तैनाती घर के नजदीक करवाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने मां से भी ली जानकारी

मुख्यमंत्री सुक्खू ने नरो देवी को भी बुलाकर उनकी तैनाती और पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वंशिका ने अपने भविष्य का सपना भी साझा किया। उसने बताया कि वह बड़ी होकर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी बनना चाहती है।

सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान सामने आया यह प्रसंग मां से दूर रह रही बच्ची की भावनाओं और परिवार के साथ रहने की उसकी इच्छा को सामने लाया। अब परिवार को मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद मां की तैनाती घर के नजदीक होने की उम्मीद है।

 

Pls read:Himachal: चंबा के भटियात को 419.90 करोड़ की सौगात, सीएम सुक्खू ने 36 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *