Himachal: चंबा के भटियात को 419.90 करोड़ की सौगात, सीएम सुक्खू ने 36 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास – The Hill News

Himachal: चंबा के भटियात को 419.90 करोड़ की सौगात, सीएम सुक्खू ने 36 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

चुवाड़ी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने एक दिवसीय चंबा दौरे के दौरान भटियात विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने चुवाड़ी से 419.90 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 36 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग से संबंधित हैं। इनका उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा कार्यों और सड़क संपर्क को मजबूत करना है।

पेयजल और सीवरेज की आठ योजनाओं का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने भटियात क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की आठ प्रमुख योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें 5.42 करोड़ रुपये की लागत से एफआईएस खगल-सिहुंता का रीमॉडलिंग कार्य और ग्राम पंचायत जतरून में 1.03 करोड़ रुपये की लागत से एलआईएस सरना का पुनर्निर्माण शामिल है।

इसके अलावा भटियात तहसील की विभिन्न पंचायतों और गांवों में पेयजल सुविधा बेहतर बनाने के लिए 60.78 करोड़ रुपये की लिफ्ट वाटर सप्लाई योजना का उद्घाटन किया गया। इस योजना से बगधर-नगाली, ढलोग, मोरनू, सुदली, चुहान, नैनीखड्ड, बेली, बलेरा, जिउंटा, तुन्नूहट्टी, मैल, समलेऊ, टप्पर, पढ़ोरटू, मनोला, रुलियाणी, ओसल, बाथरी और शेरपुर सहित कई क्षेत्रों को लाभ मिलने का लक्ष्य है।

चुवाड़ी नगर के लिए 19.19 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना भी शुरू की गई। वहीं जतरून, त्रिमथ और सलोह गांवों में 4.19 करोड़ रुपये तथा मोटला गांव में 1.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बाढ़ सुरक्षा कार्यों का उद्घाटन किया गया। समोटे और आसपास के गांवों के लिए 11.61 करोड़ रुपये की ग्रेविटी वाटर सप्लाई योजना तथा सरना, सलोह, चुलाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लिए 1.71 करोड़ रुपये की लिफ्ट वाटर सप्लाई योजना भी जनता को समर्पित की गई।

अन्य जल शक्ति योजनाएं भी जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री ने नाबार्ड के तहत 37.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ककीरा कस्बा, गाहर, परछोड़ और आसपास के गांवों की लिफ्ट वाटर सप्लाई योजना का भी उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के तहत 8.81 करोड़ रुपये की लागत से डंगोरी जलापूर्ति योजना के संवर्धन और रीमॉडलिंग कार्य को भी शुरू किया गया।

सात जल शक्ति परियोजनाओं की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने भटियात में जल शक्ति विभाग की सात परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें 31.46 करोड़ रुपये की लागत से सिहुंता और आसपास के क्षेत्रों के लिए सीवरेज व्यवस्था तथा चुवाड़ी सीवरेज योजना के तहत तीन करोड़ रुपये के इंटरसेप्शन और डायवर्जन कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुधार, विस्तार और क्षमता बढ़ाने के लिए 34.07 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी गई। कल्याणा से छतरार, खड़गट-एक और हटली की एफआईएस के रीमॉडलिंग कार्य पर 6.08 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। धुलारा, सिहुंता-मोटला और बेठा की एफआईएस के रीमॉडलिंग कार्य के लिए 7.89 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

ककीरा और चुवाड़ी कस्बों में 2.14 करोड़ रुपये तथा सिहुंता और समोटे कस्बों में 1.63 करोड़ रुपये की लागत से अग्निशमन जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की जाएगी।

सड़कों और पुलों से बेहतर होगी कनेक्टिविटी

लोक निर्माण विभाग की पांच सड़क और पुल परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इनमें 20.34 करोड़ रुपये की लागत से चुवाड़ी-जोत सड़क और 4.25 करोड़ रुपये से समोटे-मनहुता सड़क का उन्नयन शामिल है। इसके अलावा टुंडी-धरूण सड़क के उन्नयन पर 6.18 करोड़ रुपये, बलाना से गोला संपर्क सड़क के निर्माण पर 6.25 करोड़ रुपये और सिहुंता-जोलना खास सड़क पर नरेलू नाले के ऊपर 25 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर 3.19 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

14 लोक निर्माण परियोजनाओं की आधारशिला

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की 14 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें मोटला से सुखियार सड़क के लिए 10.29 करोड़ रुपये, घटासनी पुल से भलोग सड़क के लिए 10.78 करोड़ रुपये और बलाना से बल्ली सड़क के लिए 7.16 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है।

इसके अलावा पटका से छत्रेल सड़क पर 21.15 करोड़ रुपये, ट्रांसफार्मर से कल्लर-जोलना सड़क पर 8.19 करोड़ रुपये, बद्दरमान से बनोली सड़क पर 5.66 करोड़ रुपये और काहरी से रखेड़ संपर्क सड़क पर 20.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मोरटू से जोलना सड़क के लिए 8.46 करोड़ रुपये, मराड़ गांव की संपर्क सड़क के लिए 5.42 करोड़ रुपये, लोअर मामल संपर्क सड़क के लिए 3.78 करोड़ रुपये, तुल्लर से कुडेरा सड़क के लिए 4.38 करोड़ रुपये और धरवाई गांव की संपर्क सड़क के लिए 3.98 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शामिल हैं।

इनके अतिरिक्त चुवाड़ी में 9.68 करोड़ रुपये की लागत से नए लोक निर्माण विभाग सर्किट हाउस और सिहुंता में 21.99 करोड़ रुपये की लागत से संयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस दौरे में घोषित परियोजनाओं का मुख्य फोकस भटियात क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। पेयजल, सीवरेज, बाढ़ सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और सड़क संपर्क से जुड़ी इन योजनाओं से क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

 

Pls read:Himachal: कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की उम्मीद बढ़ी, सीएम सुक्खू ने मांगी रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *