पटना। बिहार की राजनीति में 7 मई 2026 का दिन एक बड़े बदलाव का गवाह बना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का आज औपचारिक विस्तार संपन्न हुआ। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में कुल 32 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस विस्तार की सबसे बड़ी विशेषता पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का सक्रिय राजनीति में पदार्पण और सीधे कैबिनेट मंत्री के रूप में सरकार में शामिल होना रहा। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी नए मंत्रियों को शपथ दिलाई।
समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी मंच पर मौजूद थे। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्री और बिहार के प्रमुख सहयोगी नेता जैसे चिराग पासवान, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मंत्रिमंडल में नए चेहरों का दबदबा
इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में अनुभव और नई ऊर्जा का संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। कुल 32 मंत्रियों में से 12 चेहरे बिल्कुल नए हैं, जबकि 20 पुराने मंत्रियों को दोबारा स्थान दिया गया है। पहली बार मंत्री पद की शपथ लेने वालों में निशांत कुमार के अलावा मिथिलेश तिवारी, स्वेता कुमारी, बुलो मंडल, नंदकिशोर राम और रामचंद्र प्रसाद जैसे नाम शामिल हैं। निशांत कुमार की एंट्री को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा रही। जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा ने टिप्पणी करते हुए कहा कि निशांत कुमार उनके भतीजे समान हैं और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में यह नई टीम बिहार के विकास के लिए अच्छा काम करेगी।
दलों के आधार पर सीटों का बंटवारा
बिहार सरकार के इस नए स्वरूप में भाजपा सबसे बड़े घटक दल के रूप में उभरी है। भाजपा से कुल 15 नेताओं को मंत्री बनाया गया है, जबकि जदयू के खाते में 13 सीटें आई हैं। अन्य सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसमें एलजेपीआर के 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) का 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) का 1 मंत्री शामिल है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव सरकार की कमान संभालेंगे।
प्रमुख मंत्रियों की सूची
भाजपा कोटे से शपथ लेने वाले प्रमुख नेताओं में राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेन्द्र पासवान, और श्रेयसी सिंह जैसे नाम शामिल हैं। वहीं जदयू की ओर से निशांत कुमार के अलावा श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और जमा खान ने शपथ ली। एलजेपीआर से संजय पासवान और संजय सिंह को जगह मिली है, जबकि हम से संतोष मांझी और आरएलएम से दीपक प्रकाश ने मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है।
Pls read:Bihar: नालंदा के शीतला माता मंदिर में मची भीषण भगदड़ आठ महिलाओं की मौत