Uttarakhand: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुष्कर सिंह धामी को बताया धुरंधर मुख्यमंत्री

हल्द्वानी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल की जमकर सराहना की। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के लोग स्वभाव से सौम्य होते हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर उनमें गजब की अटलता भी दिखाई देती है। उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि धामी केवल साधारण या ‘धाकड़’ ही नहीं, बल्कि अब ‘धुरंधर’ मुख्यमंत्री बन चुके हैं। उन्होंने वैश्विक संकटों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया कठिन दौर से गुजर रही है, जो चिंता का विषय है।

राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्थितियों पर बोलते हुए कहा कि युद्ध और विवादों का समाधान केवल कूटनीति और आपसी बातचीत से ही संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुनती है। वैश्विक ऊर्जा संकट और आर्थिक चुनौतियों का असर भारत पर भी दिख सकता है, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियों के कारण फिलहाल देश पर कोई गंभीर प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने धामी सरकार के चार वर्षों को ‘चौका’ मारने जैसा बताया और विश्वास जताया कि अगले छह वर्षों में यह सरकार ‘छक्का’ भी मारेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है और सरकार ने पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साल 2014 के बाद देश में एक नए स्वाभिमान का जागरण हुआ है और भारत दुनिया की एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आज जन कल्याणकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है और पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति का जयघोष हो रहा है। धामी ने केदारनाथ और बदरीनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि विरोधियों को हमारी सांस्कृतिक विरासत से कोई सरोकार नहीं है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना की वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। राज्य में स्टार्टअप्स की संख्या बढ़कर 1700 हो गई है और उत्तराखंड सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में देश का अग्रणी राज्य बना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 30 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं और भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा के मुद्दे पर धामी ने कहा कि साल 2014 से पहले हमारे सैनिकों को जवाबी कार्रवाई के लिए अनुमति का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब भारतीय जवान दुश्मन की गोली का जवाब गोलों से देने में देर नहीं लगाते। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों को दंगाइयों में अपना वोट बैंक नजर आता है, जिसका उदाहरण बनभूलपुरा की घटना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और ‘लैंड जिहाद’ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया कि वे उत्तराखंड को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तक शांत नहीं बैठेंगे।

 

Pls read:Uttarakhand: राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उत्तराखंड में क्लस्टर खेती और जैविक उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *