Uttarakhand: वाराही धाम मंदिर के भव्य स्वरूप का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चम्पावत जिले के देवीधुरा स्थित प्रसिद्ध माँ वाराही धाम में मंदिर के नवनिर्माण कार्य का डिजिटल माध्यम से शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वाराही धाम का नवनिर्माण पूरे राज्य के लिए सौभाग्य का क्षण है। माँ वाराही का यह प्राचीन धाम सदियों से अटूट श्रद्धा और शक्ति का केंद्र रहा है। उन्होंने यहाँ आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बग्वाल मेले का जिक्र करते हुए इसे वीरता और परंपरा का अद्भुत संगम बताया, जिसे प्रदेश सरकार ने पहले ही राजकीय मेला घोषित कर दिया है।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नवनिर्माण के बाद माँ वाराही मंदिर का स्वरूप और भी दिव्य, भव्य और आकर्षक होगा। यह धाम केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थित चारधाम, शक्तिपीठ और सिद्धपीठ हमारी सनातन संस्कृति की जीवंत पहचान हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश के धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के पुनरुत्थान का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में केदारखंड के साथ-साथ मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जिसमें बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर, माँ रणकोची और माँ पूर्णागिरी मंदिर का पुनर्विकास शामिल है।

चम्पावत क्षेत्र में पर्यटन और बुनियादी ढांचे को लेकर मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाओं और कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पर्यटन को नई गति देने के लिए 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा कॉरिडोर और लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लोहाघाट में 10 करोड़ की लागत से आधुनिक एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक और 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन और छात्रावास का निर्माण चल रहा है।

सड़क संपर्क और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रीठा साहिब क्षेत्र में 24 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का सुधार कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और दिल्ली व देहरादून से भेजा गया एक-एक पैसा सीधे जनता के बैंक खातों तक पहुंच रहा है। इस अवसर पर गोविंद सामंत, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा और श्याम नारायण पाण्डे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार पांच नए चेहरों को मिली कैबिनेट में जगह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *