देहरादून। राजधानी के मांडूवाला-डूंगा रोड पर स्थित एक कैफे में देर रात नशे में धुत युवकों द्वारा जमकर उत्पात मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिगरेट और तंबाकू उधार न देने से नाराज युवकों ने न केवल महिला संचालक के साथ बदसलूकी और मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए ग्राहकों पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रेमनगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद और अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता अंजली ने झाझरा पुलिस चौकी में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि वह मांडूवाला-डूंगा रोड पर एक कैफे चलाती हैं। बीती 28 जनवरी की रात करीब 11 बजे, जब वह अपने कैफे में कार्य कर रही थीं, तभी पास के ही कुछ युवक एक कार में सवार होकर वहां पहुंचे। युवक अत्यधिक नशे की हालत में थे और उन्होंने अंजली से सिगरेट और तंबाकू उधार देने की मांग की। अंजली ने जब उधार देने से साफ इनकार कर दिया, तो युवक भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने महिला के साथ हाथापाई की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए।
कैफे के बाहर मौजूद कुछ ग्राहकों ने जब महिला के साथ हो रही अभद्रता का विरोध किया, तो हमलावर और अधिक उग्र हो गए। उन्होंने ग्राहकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच, एक युवक ने लोहे की रॉड से एक ग्राहक के सिर पर पीछे से जोरदार प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर काफी खून बह गया। जान बचाने के लिए महिला संचालक और ग्राहकों ने खुद को कैफे के भीतर बंद कर लिया और तुरंत पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। पुलिस के आने की आहट मिलते ही आरोपी वहां से फरार हो गए, लेकिन जाते समय उन्होंने महिला को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि ये युवक क्षेत्र में अक्सर शराब के नशे में हंगामा करते हैं और जबरन उधार मांगकर धमकियां देते हैं। इस घटना के बाद से महिला काफी डरी हुई है और उसे अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में निखिल, सुरजीत, सूरज और लक्ष्मीचंद को नामजद किया गया है, जबकि आठ से दस अन्य अज्ञात युवकों का भी जिक्र है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।