Punjab: जनरल शाम सिंह अटारीवाला के 180वें शहीदी दिवस पर पंजाब सरकार ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि – The Hill News

Punjab: जनरल शाम सिंह अटारीवाला के 180वें शहीदी दिवस पर पंजाब सरकार ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

अमृतसर/अटारी। सिख कौम के महान जनरल शाम सिंह अटारीवाला का 180वां शहीदी दिवस पंजाब सरकार द्वारा पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इंडिया गेट और अटारी समाधि पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ अटारी के विधायक जसविंदर सिंह रामदास और अमृतसर पश्चिम के विधायक जसबीर सिंह संधू भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इंडिया गेट पर स्थित महान जनरल शाम सिंह अटारीवाला के स्मारक पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक जसबीर सिंह संधू, ब्रिगेडियर एसएस जमवाल, कर्नल सुमित शर्मा, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और अन्य वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पंजाब पुलिस के जवानों ने अपने हथियार झुकाकर महान योद्धा को सलामी दी। इसके बाद अटारी स्थित जनरल की समाधि पर श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और धार्मिक दीवान सजाया गया। समारोह में हजूरी रागी भाई गुरजीत सिंह बांका और भाई गुरप्रीत सिंह भंगू के ढाडी जत्थे ने जनरल शाम सिंह अटारीवाला के जीवन और उनकी ऐतिहासिक शहादत की गाथा श्रद्धालुओं के साथ साझा की।

समारोह को संबोधित करते हुए हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि जनरल शाम सिंह अटारीवाला एक अद्वितीय योद्धा थे, जिन्होंने एंग्लो-सिख युद्ध के दौरान सबराओं की लड़ाई में अपनी अंतिम सांस तक संघर्ष किया। उनकी वीरता की प्रशंसा स्वयं अंग्रेजों ने भी की थी। उन्होंने कहा कि शहीद राष्ट्र के नायक होते हैं और उन्हें याद रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है। कैबिनेट मंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार अटारी गांव को एक नया स्वरूप प्रदान करेगी ताकि वाघा बॉर्डर पर रिट्रीट देखने आने वाले पर्यटक जनरल की समाधि पर भी आएं और अपनी भावी पीढ़ी को इस महान इतिहास से अवगत करा सकें।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने कुलविंदर कौर मिन्हास द्वारा लिखित पुस्तक ‘द लास्ट पिलर ऑफ द सिख राज-सरदार शाम सिंह अटारीवाला’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में शहीद के परिवार के सदस्यों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों, जिनमें कर्नल हरिंदर सिंह अटारी, मलविंदर अटारी, बीर इंदर सिंह और हरप्रीत सिंह सिद्धू शामिल थे, को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में पूर्व वायुसेना अधिकारी निर्मल सिंह बेदी की पत्नी सुरिंदर कौर, कर्नल कुलदीप सिंह, स्थानीय निवासी और विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शहीद को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Pls read:Uttarakhand: कालसी के पास गहरी खाई में गिरी यूटिलिटी तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *