बागेश्वर, 10 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ ही बागेश्वर का कपकोट क्षेत्र अब एडवेंचर टूरिज्म के राष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूती से उभर रहा है। यहाँ आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता ने इस शांत ग्रामीण अंचल को देशभर के रोमांच प्रेमियों के लिए एक प्रमुख केंद्र बना दिया है। जालेख की पहाड़ियों से उड़ान भरते पैराग्लाइडरों से कपकोट का आसमान पूरे आयोजन के दौरान उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 92 पायलटों ने अपना पंजीकरण कराया था, जिनमें से 78 प्रतिभागियों ने अपनी साहसिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में स्थानीय दर्शकों और पर्यटकों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि कपकोट में साहसिक खेलों को लेकर जबरदस्त संभावनाएं हैं। आयोजन का शुभारंभ जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे और क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया द्वारा किया गया था। जिलाधिकारी ने इसे बागेश्वर की एक ऐतिहासिक पहल करार देते हुए कहा कि इससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि कपकोट का भौगोलिक वातावरण पैराग्लाइडिंग, ट्रैकिंग और अन्य साहसिक खेलों के लिए विश्व स्तरीय मानकों के अनुरूप है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा और तकनीकी बारीकियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे आयोजन का स्तर पेशेवर बना रहा। समापन के दिन जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने स्वयं जालेख से उड़ान भरी और इस साहसिक खेल का अनुभव लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि कपकोट-बागेश्वर अब साहसिक पर्यटन के नए ठिकाने के रूप में स्थापित हो चुके हैं और आने वाले समय में इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मनीष उप्रेती को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे मनीष भंडारी को पचास हजार रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाले पंकज कुमार को तीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही महिला पायलटों के साहस को सराहते हुए उन्हें भी विशेष प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन की सफलता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल परिस्थितियों से भरपूर कपकोट अब देश के अग्रणी एडवेंचर डेस्टिनेशन की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। कपकोट की यह नई उड़ान पर्यटन की अपार संभावनाओं और नई पहचान का प्रतीक बन गई है।