Uttarpradesh: कल्याण सिंह की जयंती पर योगी आदित्यनाथ ने उन्हें याद करते हुए कहा कि बाबू जी ने सत्ता को राम के लिए कुर्बान किया – The Hill News

Uttarpradesh: कल्याण सिंह की जयंती पर योगी आदित्यनाथ ने उन्हें याद करते हुए कहा कि बाबू जी ने सत्ता को राम के लिए कुर्बान किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कद्दावर नेता कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि चढ़ाकर उनके योगदान को नमन किया और कहा कि बाबू जी ने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के कल्याण के साथ जोड़कर उसे सही मायनों में सार्थक किया। इस अवसर पर उन्होंने कल्याण सिंह के जीवन और उनके राजनीतिक सफर के कई अहम पहलुओं पर प्रकाश डाला।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबू जी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री थे। उन्होंने याद दिलाया कि 1991 में जब कल्याण सिंह ने प्रदेश की बागडोर संभाली थी तब यहां अराजकता, गुंडागर्दी और अव्यवस्था का बोलबाला था। आतंकी गतिविधियां सिर उठा रही थीं और गरीब, किसान, नौजवान तथा महिलाएं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे। लेकिन कल्याण सिंह ने कुछ ही महीनों में सुशासन की नींव रखकर जनता का विश्वास जीत लिया था और प्रदेश को विकास की नई राह दिखाई थी।

राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका को याद करते हुए योगी ने कहा कि जब यह आंदोलन अपने चरम पर था तब बाबू जी ने रामभक्तों और संतों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अपनी सत्ता को बलिदान करने में जरा भी संकोच नहीं किया। उनकी सरकार चली गई लेकिन उन्होंने गुलामी के ढांचे को हटाने की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली और प्रभु राम के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाया। योगी ने कहा कि उनका कार्यकाल हमेशा सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए जाना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह का जन्म एक साधारण किसान परिवार में हुआ था और उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा था। उन्होंने इस पाठ को अपने जीवन का मंत्र बना लिया और आजीवन इसी मिशन के लिए समर्पित रहे। चाहे विधायक हों, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री या राज्यपाल, हर भूमिका में उनकी सेवाएं देशवासियों के लिए यादगार रहेंगी।

श्रद्धांजलि सभा में कल्याण सिंह के पुत्र और पूर्व सांसद राजवीर सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सांसद सतीश गौतम, मुकेश राजपूत, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी और कल्याण सिंह के पौत्र व बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बाबू जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

 

Pls Read:Uttarpradesh: योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चौबीस घंटे में भूमाफिया से मुक्त हुआ दिवंगत मेजर की बेटी का घर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *