चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में एक बड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है, जहां सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के दो वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री व आप के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा पर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के एक वीडियो बयान के साथ छेड़छाड़ कर उसे प्रसारित करने का आरोप लगा है। बाजवा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस के साइबर सेल ने दोनों मंत्रियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
यह मामला विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा 7 जुलाई को चंडीगढ़ के सेक्टर-3 थाने में दर्ज कराई गई एक शिकायत से शुरू हुआ। अपनी शिकायत में बाजवा ने आरोप लगाया था कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्त मंत्री हरपाल चीमा और मंत्री अमन अरोड़ा ने जानबूझकर उनके एक आधिकारिक वीडियो बयान के साथ छेड़छाड़ की और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रसारित किया, ताकि उनकी छवि को धूमिल किया जा सके और जनता को गुमराह किया जा सके।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, प्रताप सिंह बाजवा ने 25 जून को एक वीडियो बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया के सरकारी आवास पर विजिलेंस ब्यूरो द्वारा की गई छापेमारी के ‘तरीके’ पर सवाल उठाए थे। बाजवा का कहना था कि उनका 3.13 मिनट का मूल वीडियो उनके आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर अभी भी मौजूद है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से एक महिला विधायक के आवास पर की गई कार्रवाई के तरीके की आलोचना की थी।
आरोप है कि आप नेताओं ने इस वीडियो को एडिट कर दिया और उसमें से विधायक ‘गनीव कौर’ का नाम हटा दिया। इसके बाद वीडियो को इस तरह से पेश किया गया, मानो प्रताप सिंह बाजवा अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ की गई विजिलेंस कार्रवाई का विरोध कर रहे हों। इस एडिटेड वीडियो को कथित तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल, हरपाल चीमा और अमन अरोड़ा ने अपने-अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर दिया।
राजनीतिक बयानबाजी और FIR
बता दें कि अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी के बाद से ही आम आदमी पार्टी के नेता लगातार कांग्रेस और भाजपा पर यह आरोप लगा रहे थे कि वे मजीठिया का बचाव कर रहे हैं। आप नेताओं का दावा था कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई का विरोध किया है। बाजवा का आरोप है कि इसी राजनीतिक नैरेटिव को स्थापित करने के लिए उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई।
बाजवा की शिकायत पर लंबी जांच के बाद, चंडीगढ़ साइबर सेल ने अब कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरपाल चीमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336/4, 356 और 61/2 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दो सेवारत कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ FIR दर्ज होना एक गंभीर मामला है और इससे पंजाब की राजनीति में आने वाले दिनों में और भी गरमाहट देखने को मिल सकती है।