Uttarakhand: शराब के नशे में हैवानियत, पैसे देने से किया इनकार, तो युवक ने दांतों से काट खाया चेहरा

रुड़की। रुड़की के खंजरपुर इलाके में शराब के नशे में दरिंदगी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर एक युवक ने टेंट कर्मचारी के चेहरे पर दांतों से बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के खंजरपुर निवासी अरविंद एक टेंट हाउस में कर्मचारी है। शुक्रवार रात को वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक उसके पास आया और शराब पिलाने के लिए कहने लगा। अरविंद ने इसके लिए साफ मना कर दिया।

इसके बाद आरोपी युवक अरविंद पर शराब खरीदने के लिए रुपये देने का दबाव बनाने लगा। जब अरविंद ने सख्ती से इनकार कर दिया, तो युवक ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर किया जानलेवा हमला

अरविंद ने जब गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया और उसने अरविंद की पिटाई शुरू कर दी। हैवानियत की हदें पार करते हुए उसने अरविंद के चेहरे पर दांतों से बुरी तरह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

अरविंद के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। भीड़ को इकट्ठा होता देख, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है।

पीड़ित ने सिविल लाइंस कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Pls read:Uttarakhand: यमुनोत्री हाईवे बार-बार भूस्खलन से बंद, 15 घंटे थमे रहे पहिये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *