देहरादून। वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल की खोजबीन कर रही नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की एक टीम उत्तराखंड तक पहुंची। एनआईए ने राजधानी देहरादून से एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। यह महिला काफी समय से अमृतपाल के अभियान से जुड़ी हुई थी। एनआईए की टीम महिला को अपने साथ दिल्ली ले गई। हालांकि, महिला की गिरफ्तारी हुई है या फिर केवल पूछताछ के लिए ले जाया गया है। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं है।
बताया जा रहा है कि इस महिला का कनेक्शन अमृतपाल और उसके साथियों से करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है। इसे लेकर वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला अमृतपाल के अभियान को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर कर रही थी। इसी कारण वह एनआईए की नजरों में चढ़ गई। बताया तो यहां तक जा रहा है कि यह महिला अमृतपाल से मिलने के लिए पंजाब भी जा चुकी है।