breaking news : मंडी में शिवधाम और हवाई अड्डे का निर्माण पूरा करेगी राज्य सरकार- सीएम सुक्खू

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने मंडी में शिवधाम और मंडी हवाई अड्डे की घोषणा कर वाहवाही लूटी, लेकिन उसके लिए बजट का कोई प्रावधान नहीं किया था। लेकिन वर्तमान सरकार दोनों परियोजनाओं को भी पूरा करेगी। प्रदेश सरकार कांग्रेस पार्टी की ओर से घोषणा पत्र में दी गई सभी 10 गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने राजनीतिक उद्देश्य से 900 से अधिक सरकारी कार्यालय खोल दिए और अनावश्यक खर्च से राज्य पर आर्थिक बोझ डाला।

यह भी पढ़ेंः HIMACHAL : सुक्खू सरकार लेगी 2000 करोड़ का कर्ज, दो माह में दूसरा बड़ा लोन

हिमाचल प्रदेश के लगभग 6000 अनाथ बच्चों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी ने समृद्ध संस्कृति, भाईचारे और प्रेम को दर्शाने वाली उच्च परंपराओं का संवर्धन किया है। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा को दर्शाते हैं। मंडी शिवरात्रि की एक अनूठी पहचान है। देश भर में अपनी विविध परंपरा के लिए जानी जाती है। आधुनिकता के इस दौर में भी मंडी महोत्सव के दौरान परंपराओं का निर्वहन सुनिश्चित किया जाता है। सात दिवसीय उत्सव के दौरान देव समागम मंडी शहर को एक भव्य स्वरूप देता है। यह हम सबका सामूहिक दायित्व है कि हम देवभूमि की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति का संरक्षण करें ताकि आने वाली पीढि़यां इस पर गर्व कर सकें। सुक्खू ने कहा कि मंडी के पहले प्रवास के दौरान उन्हें लोगों का अपार स्नेह प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने पड्डल मैदान में विभागों, बोर्डों एवं निगमों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर मेला समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी कॉन्ट्रेक्टर्स वेल्फेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय सहायता कोष के लिए मुख्यमंत्री को 12.31 लाख रुपये का चेक भी भेंट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *