लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे आने में अब कुछ ही घंटे का समय बचा है, लेकिन समाजवादी पार्टी सहित कुछ दलों ने ईवीएम मशीनों से छोड़छाड़ के आरोप लगाने शुरू कर दिये हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में प्रदर्शन किया है। वाराणसी समेत राज्य के कई जिलों में स्ट्रांग रूम के बाहर निगरानी के लिए मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। वहीं विपक्ष के आरोपों पर सत्ता पक्ष के नेताओं ने भी पलटवार किया है।
एग्जिट पोल ने यूपी में भाजपा सरकार को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है। इसके विरोध और पक्ष में बयानबाजी तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतगणना से पहले भाजपा पर ईवीएम में धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी, बरेली और सोनभद्र में ईवीएम व मतपत्र पकड़े जा चुके हैं। भाजपा ईवीएम के जरिए वोटों की चोरी करा रही है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसे अखिलेश की बौखलाहट और घबराहट बताया है तो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थननाथ सिंह ने भी तीखे तंज कसे। मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि ईवीएम पर सवाल उठाकर वे (अखिलेश यादव) अपनी हार को स्वीकार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। ये लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।