रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज आठवां दिन है। रूस की ओर से राजधानी कीव समेत कई शहरों पर अभी भी ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पास कर रूसी सेना को यूक्रेन से बाहर जाने के लिए कहा है। इसके अलावा यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है।
रूस ने राजधान कीव में फिर से सिलसिलेवार धमाके किए हैं। लोगों में दहशत का माहौल है। धमाके इतनी आवाज के साथ हुई कि लोगों को लगा कोई छोटा परमाणु बम फटा हो। घर में रह रहे बच्चों के साथ-साथ बड़े लोग भी रोने लगे। सभी जान बचाने के खातिर इधर-उधर भाग रहे हैं। यूक्रेन के नागरिकों ने राजधानी को घुसने वाले सभी रास्तों पर रूसी सेना को रोकने के लिए रोड ब्लाक कर दिया है। वहीं कीव के चारों और लगभग 60 किलोमीटर का रुसी सेना का घेरा है। यहीं से रूस लगातार कीव में आर्टिलरी और राकेट लांचर से हमला कर रहा है। अभी तक रूस की पैदल सेना ने राजधानी में घुसने की कोशिश नहीं की है। वहीं, रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग की वजह से 10 लाख से अधिक नागरिकों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। UNHCR के मुताबिक एक हफ्ते में यूक्रेनी जनसंख्या के दो फीसदी लोगों ने डर से जगह छोड़ दिया।