देहरादून। रूस के यूक्रेन पर हमल के चलते वहां फंसे उत्तराखंड के छात्रों को निकालने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार पीएमओ और विदेश मंत्रालय से संपर्क में हैं। लोगों के स्वजन या बच्चे वहां फंसे हैं, वे काफी चिंतित हैं। रूस और यूक्रेन के युद्ध के बीच फंसे उत्तराखंडियों की मदद के लिए शासन प्रशासन के उच्चाधिकारी लगातार संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड के छात्र और अन्य लोग जो यूक्रेन में फंसे हैं, उनके लिए हम लगातार विदेश मंत्रालय के उच्च अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। इसके लिए हमने एक नोडल अधिकारी को नियुक्त कर टोल फ्री नंबर 112 भी जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड के लोगों की हर संभव मदद करेगी।