मास्को: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। वहीं यूक्रेन से लगातार धमाकों की आवाज सुने जाने की खबर आ रही है। एएफपी ने जानकारी दी है कि कीव में एक जोरदार धमाका सुना गया है। इससे पहले पूर्वी यूक्रेन में गोलाबारी की आवाज सुनाई दी थी। सोशल मीडिया पर भी कई लोग अलग-अलग जगहों पर ब्लास्ट का दावा कर रहे हैं।