कड़ाके की सर्दी के बीच नैनीताल जिला मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर भूमियाधार में एक गर्भवती महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म दिया। दो घंटे इंतजार के बाद भी जब एंबुलेंस नहीं आई तो परिजन महिला को खुद ही अस्पताल पहुंचाने लगे। पर बीच सड़क पर ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बच्चे व महिला की स्थिति को देखते हुए दोनों को हल्द्वानी रेफर किया गया है।
मल्ला भूमियाधार निवासी मनोज आर्य की पत्नी निर्मला आर्य गर्भवती थी। सुबह नौ बजे उसे अचानक प्रसव का दर्द शुरू होने लगा। इस पर 108 एंबुलेंस को फोन किया। पर 10 बजे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद परिजन प्रसूता को सड़क तक लाने की कोशिश करने लगे। पर प्रसूता ने इसी बीच सड़क में ही बच्चे को जन्म दे दिया।