![](https://thehillnews.in/wp-content/uploads/2024/07/300x250-1.jpeg)
देहरादून। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड के बीच पहाड़ों में पाला दुश्वारी बढ़ा रहा है। सड़कें पाला जमने के कारण सफर के लिए खतरनाक हो गई हैं। मैदानों में आज घने बादल छाये हुए हैं, जिससे ठिठुरन बरकरार है। उधर, कुमाऊं में चोटियों पर हिमपात होने से कड़ाके की ठंड जारी है।
उत्तराखंड के ज्यादातर इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। पहाड़ों में कई जगह पारा शून्य के करीब पहुंचा हुआ है। जबकि, मैदानों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना है। दून समेत मैदानी इलाकों में सुबह और शाम को हल्का कोहरा छाने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। 26 दिसंबर को रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में क्रिसमस के दौरान हल्की बर्फबारी और बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है।