भाजपा का अयोध्या पर फोकस, योगी समेत 11 मुख्यमंत्री पहुंचेंगे ‘राम जन्मभूमि’ – The Hill News

भाजपा का अयोध्या पर फोकस, योगी समेत 11 मुख्यमंत्री पहुंचेंगे ‘राम जन्मभूमि’

खबरें सुने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ धाम के उद्घाटन के बाद अब भाजपा का फोकस अयोध्या पर है। दरअसल काशी में भाजपा शासित राज्यों के 11 मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री 15 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे और राम जन्मभूमि पर चल रहे मंदिर निर्माण कार्य को देखेंगे। यहां उनके रुकने और खाने पीने का इंतजाम किया गया है। इस मौके पर पूरे नगर में बड़े-बड़े साइन बोर्ड भी लगाये गए हैं।

इसको लेकर अयोध्या प्रशासन ने 11 मुख्यमंत्रियों और पांच डिप्टी सीएम के आधिकारिक प्रोटोकॉल की पुष्टि की है। मुख्यमंत्रियों के बुधवार को लखनऊ से अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि प्रशासन के सूत्रों ने संकेत दिया कि सिक्किम, पुडुचेरी, मिजोरम और मेघालय के मुख्यमंत्री भी अयोध्या में पहुंच सकते हैं। बता दें कि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अयोध्या भाजपा के लिए काफी अहम माना जाता है। अयोध्या जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि लखनऊ में रात्रि विश्राम के बाद 15 दिसंबर को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्रियों का काफिला अयोध्या पहुंचेगा। राम जन्मभूमि से पहले वे हनुमान गढ़ी मंदिर जाएंगे।

अयोध्या पहुंचने वाले सीएम: इसमें हिमाचल प्रदेश के जयराम ठाकुर, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू, मध्य प्रदेश के शिवराज सिंह चौहान, असम के हेमंत बिस्वा सरमा, कर्नाटक के बसवराज बोम्मई, मणिपुर के मुख्यमंत्री नोंगथोम्बम बीरेन सिंह, त्रिपुरा के बिप्लब कुमार देव शामिल हैं।

वहीं गुजरात के भूपेंद्रभाई पटेल, हरियाणा के सीएम मनोहरलाल खट्टर और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी अयोध्या पहुंचेंगे। इसके अलावा बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, अरुणाचल के डिप्टी सीएम चाउना मीन और योगी आदित्यनाथ के दो डिप्टी सीएम केशव मौर्य और दिनेश शर्मा भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी अयोध्या आने का कार्यक्रम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *