Himachal: धर्मशाला एयरपोर्ट के साथ विकसित होगी एयरोसिटी, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर – The Hill News

Himachal: धर्मशाला एयरपोर्ट के साथ विकसित होगी एयरोसिटी, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

धर्मशाला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को मजबूत बनाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है। धर्मशाला एयरपोर्ट के विस्तार के साथ यहां एयरोसिटी विकसित करने की योजना है। इससे आने वाले वर्षों में प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार पाने के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने लक्ष्य रखा है कि अगले पांच से दस वर्षों में इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।

धर्मशाला में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए करीब 2,600 करोड़ रुपये की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और प्रभावित लोगों को मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है। इस मामले में उच्च न्यायालय ने भी याचिका खारिज कर दी है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार और एयरोसिटी के निर्माण से पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी सहित कई संबंधित क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा को हिमाचल की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिमला विंटर कार्निवल के साथ 24 से 31 तारीख तक कांगड़ा वैली कार्निवल आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि धर्मशाला मैराथन में देश-विदेश से करीब 1,500 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। मुख्यमंत्री के अनुसार हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक विविधता इसे पर्यटन के लिहाज से विशेष संभावनाओं वाला प्रदेश बनाती है। सरकार इन संभावनाओं का उपयोग कर पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना चाहती है।

पालमपुर में हेलीपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में

हवाई संपर्क बेहतर बनाने की योजनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल हेलीपैड बनाने के बजाय आधुनिक हेलीपोर्ट विकसित करने पर ध्यान दे रही है। पालमपुर में हेलीपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यहां से चंडीगढ़ और शिमला के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना है।

इसके अलावा चंबा और धर्मशाला के रक्कड़ में भी हेलीपोर्ट बनाए जा रहे हैं। भविष्य में जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट नेटवर्क से जोड़कर हेली-टैक्सी सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

मैकलोडगंज सड़क का तकनीकी समाधान जल्द

धर्मशाला की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सड़कों की हालत ठीक है, हालांकि कुछ संपर्क मार्गों पर समस्याएं हो सकती हैं। मैकलोडगंज मार्ग की परेशानी को तकनीकी बताते हुए उन्होंने कहा कि समाधान होते ही सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी। इसके लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में प्रभावी ढंग से नहीं उठाने को लेकर स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधा।

जगत सिंह नेगी के बयान पर सरकार का रुख स्पष्ट

विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी और विपक्ष के बीच हुई बहस पर मुख्यमंत्री ने नेगी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नेगी सच्चाई के साथ अपनी बात रखते हैं और अकेले ही विपक्ष पर भारी पड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मंत्री के मन में भारतीय सेना के प्रति कोई हीन भावना नहीं है। उनके अनुसार भाजपा इस मामले को बेवजह तूल दे रही है।

विपक्ष की ओर से लगातार लाए जा रहे काम रोको प्रस्तावों पर सुक्खू ने कहा कि भाजपा आरोप तो लगा रही है, लेकिन उनके समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा में तथ्यों और दस्तावेजों के साथ जवाब देगी। साथ ही पूर्व सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की संपत्तियों को बेचने और मौजूदा सरकार की ओर से उन्हें बचाने के लिए उठाए गए कदमों का भी विवरण सदन में रखा जाएगा।

 

Pls read:Himachal: भाजपा नेताओं को झूठ बोलने में पीएचडी, गोल्ड मेडल मिलना चाहिए- सुक्खू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *