खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर 14.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का लाभ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को मिलेगा। इससे आवागमन अधिक सुगम होगा और व्यस्त मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है और इस परियोजना से खटीमा के लोगों को सुविधा मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं है, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें लगातार प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सड़क और परिवहन सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से लोगों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को लेकर उन्होंने चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और किसानों को भुगतान को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
उन्होंने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट और रामू भारती तथा अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।