नई दिल्ली। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल ट्रेड को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच दिलचस्पी बढ़ती दिखाई दे रही है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच हार्दिक को लेकर ट्रेड की बातचीत लगभग तय मानी जा रही थी। इस संभावित सौदे में पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और विष्णु विनोद के नाम सामने आए थे। हालांकि, इसी बीच राजस्थान रॉयल्स ने भी हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश शुरू कर दी है।
हार्दिक के बदले यशस्वी और रवि बिश्नोई का प्रस्ताव
रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स हार्दिक पांड्या के बदले अपने स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को देने के लिए तैयार है। इसके अलावा टीम रवि बिश्नोई को भी इस ट्रेड का हिस्सा बनाने पर विचार कर रही है। हालांकि, मुंबई इंडियंस की जरूरतों को देखते हुए यह सौदा आसान नहीं लग रहा है।
बताया जा रहा है कि मुंबई को हार्दिक के बदले एक बल्लेबाज के साथ अनुभवी तेज गेंदबाज की भी तलाश है। ऐसे में राजस्थान के साथ बातचीत आगे बढ़ने की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है। राजस्थान भी जोफ्रा आर्चर जैसे अहम तेज गेंदबाज को छोड़ने के पक्ष में शायद ही हो। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुंबई ने राजस्थान के सामने आर्चर को ट्रेड में शामिल करने की कोई मांग नहीं रखी है।
सूर्यकुमार यादव के ट्रेड की अटकलों पर मुंबई का जवाब
हार्दिक को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सूर्यकुमार यादव के भविष्य को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं। खबरें थीं कि मुंबई इंडियंस सूर्यकुमार को दूसरी टीमों के साथ ट्रेड करने पर बातचीत कर रही है। हालांकि, मुंबई से जुड़े एक सूत्र ने इन खबरों को खारिज किया है।
सूत्र के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव ट्रेड के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उनके नाम को लेकर किसी दूसरी टीम के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है और न ही ऐसी कोई योजना है। दूसरी ओर, हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड किए जाने की संभावना पर सूत्र ने कोई टिप्पणी नहीं की।
पिछले सीजन में मुंबई का प्रदर्शन रहा निराशाजनक
मुंबई इंडियंस के पिछले आईपीएल सीजन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम 14 मुकाबलों में से केवल चार जीत दर्ज कर सकी और अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। हार्दिक पांड्या का कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर प्रदर्शन भी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा।
इसी प्रदर्शन के बाद टीम में बदलाव की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हुई है। हालांकि, हार्दिक के ट्रेड को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी सीजन से पहले मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रही चर्चाएं किस दिशा में आगे बढ़ती हैं।
Pls read:Cricket: ब्रैंडन किंग की नाबाद पारी से वेस्टइंडीज ने ढाका टेस्ट आठ विकेट से जीता