Uttarakhand: उत्तराखंड पुलिस को मिला नया गौरव चिह्न, 6 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर – The Hill News

Uttarakhand: उत्तराखंड पुलिस को मिला नया गौरव चिह्न, 6 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और उत्तराखंड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुईं शाहजहां जावेद खान तथा जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न अलंकृत कर शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को नए गौरव चिह्नों की बधाई देते हुए कहा कि यह बदलाव केवल वर्दी और प्रतीकों तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करने की पहल है। उन्होंने कहा कि नए प्रतीक पुलिसकर्मियों को गर्व के साथ अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराएंगे। पुलिस की नई पहचान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब उसके व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखाई देगी।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार की प्राथमिकता उत्तराखंड पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस, प्रशिक्षित और सक्षम बनाना है। पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।

भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 1064 की होगी नियमित समीक्षा

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ शासन व्यवस्था में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है। सरकारी संसाधनों का सही उपयोग और आम लोगों तक बिना परेशानी सेवाएं पहुंचाना सुशासन की बुनियादी शर्त है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और इसमें सतर्कता विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और इससे जुड़ी शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर 1064 की भी नियमित समीक्षा की जाए। शिकायत दर्ज कराने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने तथा उनके कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिसमें नागरिकों को सम्मान मिले, सरकारी सेवाओं में लापरवाही न हो और जनता तथा प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत बने।

6 नवंबर को उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में शामिल होंगे। धामी ने विश्वास जताया कि नई पहचान के साथ पुलिस बल जनसेवा, अनुशासन, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के नए मानक स्थापित करेगा।

नए प्रतीक में हिमालय और नदी को भी मिली जगह

उत्तराखंड पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और राज्य की भौगोलिक पहचान को दर्शाते हैं। पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज ध्वज के स्थान पर गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है। इसके मध्य में पुलिस का नया प्रतीक चिह्न और किनारों पर लाल तथा स्वर्णिम रंग की पट्टियां हैं।

वर्दी पर इस्तेमाल होने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी नए प्रतीक के अनुरूप तैयार किया गया है। पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश, अलंकरण और परेड से जुड़ी विशेष साज-सज्जा को शामिल किया गया है।

पुलिस ध्वज का पिछली बार अनावरण 4 अप्रैल 2008 को हुआ था। बदलती चुनौतियों और पुलिस बल की बढ़ती जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए नए प्रतीकों को तैयार किया गया है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को नए स्वरूप को मंजूरी दी थी।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पी.वी.के. प्रसाद, अभिनव कुमार, डॉ. वी. मुरुगेशन, दिलीप जावलकर, आर. राजेश कुमार, पंकज पांडेय और पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल सहित शासन तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड में पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *