Uttarakhand: युवा शक्ति विकसित उत्तराखण्ड की मजबूत आधारशिला मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में युवाओं को प्रदेश के विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। अपने जन्मदिवस को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने पर उन्होंने प्रदेश के युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा और संकल्प उन्हें भी नई प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में वर्तमान युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। आने वाले वर्षों में यही युवा विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व करेंगे।

धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं। सरकार की प्राथमिकता युवाओं को बेहतर अवसर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य यह भी है कि रोजगार के लिए युवाओं को मजबूरी में अपने गांव और प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने बदलती तकनीक का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक के कारण रोजगार और उद्योग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से भी स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की अपेक्षाओं और सुझावों को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में एक कदम है। आयोग कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के साथ डिजिटल जागरूकता बढ़ाने तथा नशे और साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति युवाओं को जागरूक करने में भूमिका निभाएगा।

खेलों में प्रदेश के युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखण्ड की खेल क्षेत्र में भी पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और तकनीक का सकारात्मक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर मिलने वाली अधूरी या भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और किसी भी जानकारी को तथ्यों के आधार पर परखने की बात कही।

नशे को युवाओं के भविष्य के लिए नुकसानदायक बताते हुए धामी ने युवाओं से इससे दूर रहने और अपने साथियों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। अपने जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से तीन संकल्प लेने को कहा—पहला, जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करना; दूसरा, स्वयं नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इससे बचाना; तथा तीसरा, सफलता मिलने के बाद अपनी क्षमता और अनुभव का कुछ हिस्सा उत्तराखण्ड के विकास में लगाना।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

PLs read:Uttarakhand: चारधाम यात्रा की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *