नई दिल्ली। किसी भी कलाकार के लिए सबसे बड़ा निर्णायक उसके दर्शक ही होते हैं। फिल्म को सफलता के शिखर पर पहुंचाना है या उसे नकार देना है, यह पूरी तरह से सिनेमा प्रेमियों की पसंद पर निर्भर करता है। हाल के दिनों में बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ और ‘पेद्दी’ जैसी फिल्मों ने धुआंधार कमाई कर दर्शकों का मनोरंजन किया है। हालांकि, अब दर्शकों की पसंद बदलती नजर आ रही है। उन्हें अब केवल एक्शन और रोमांस ही नहीं, बल्कि कुछ खौफनाक और डरावना देखने की भी इच्छा है। इसी कड़ी में बीते शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘हॉन्टेड 3D: इकोस ऑफ द पास्ट’ ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है।
12 जून को सिनेमाघरों में तीन बड़ी फिल्में एक साथ रिलीज हुई थीं। इनमें एक तरफ दिलजीत दोसांझ और वेदांग रैना की ‘मैं वापस आऊंगा’ थी, तो दूसरी तरफ कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ शामिल थी। तीसरी फिल्म मिमोह चक्रवर्ती और चेतना पांडे अभिनीत ‘हॉन्टेड’ का सीक्वल ‘हॉन्टेड 3D: इकोस ऑफ द पास्ट’ थी। शुरुआती आंकड़ों को देखें तो जहां बड़े सितारों वाली फिल्में एक-एक करोड़ रुपये के कलेक्शन के लिए संघर्ष कर रही हैं, वहीं इस हॉरर फिल्म ने बड़ी चतुराई से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के प्रदर्शन की बात करें तो सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, ‘हॉन्टेड 3D: इकोस ऑफ द पास्ट’ ने पहले दिन 2.24 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में बढ़त देखी गई और इसने लगभग 3.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। रविवार को छुट्टी का फायदा उठाते हुए फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 3.25 करोड़ रुपये अपनी झोली में डाले। सोमवार को भी फिल्म की रफ्तार थमी नहीं और इसने 2.45 करोड़ रुपये का सिंगल डे कलेक्शन कर सबको चौंका दिया।
महज चार दिनों के भीतर इस फिल्म ने जो आंकड़े पेश किए हैं, वे कंगना रनौत और दिलजीत दोसांझ की फिल्मों के मुकाबले काफी बेहतर हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ ने चार दिनों में केवल 5.86 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आऊंगा’ ने भी चार दिनों में कुल 8.10 करोड़ रुपये की कमाई की है। इनके विपरीत ‘हॉन्टेड 3D: इकोस ऑफ द पास्ट’ ने चार दिनों में घरेलू स्तर पर 11.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वैश्विक स्तर पर फिल्म की कुल कमाई 13.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
फिल्म की सफलता का श्रेय इसके डरावने दृश्यों और 3D तकनीक के बेहतर इस्तेमाल को दिया जा रहा है। फिल्म की स्टारकास्ट में चेतना पांडे, मिमोह चक्रवर्ती, प्रणीत भट्ट और गौरव बाजपाई जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी विक्रम भट्ट और मनीष पी चव्हाण ने संभाली है। जिस तरह से फिल्म ने शुरुआती चार दिनों में प्रदर्शन किया है, उसे देखकर ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में और भी बड़े रिकॉर्ड बना सकती है। दर्शकों का हॉरर जॉनर के प्रति बढ़ता झुकाव इस फिल्म के लिए वरदान साबित हो रहा है। फिलहाल ‘हॉन्टेड 3D: इकोस ऑफ द पास्ट’ ने बड़े बजट और बड़े सितारों वाली फिल्मों की चमक को बॉक्स ऑफिस पर फीका कर दिया है।
Pls read:Bollywood: अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला अब ओटीटी पर मचाएगी धमाल