Uttarakhand: गजा घण्टाकर्ण महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के लिए की कई बड़ी घोषणाएं – The Hill News

Uttarakhand: गजा घण्टाकर्ण महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के लिए की कई बड़ी घोषणाएं

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा पहुंचकर “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” के दूसरे संस्करण का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया और क्षेत्र के विकास के लिए सौगातों की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने गजा स्थित प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

महोत्सव के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गजा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रोपवे के बनने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुगमता होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नगर पंचायत गजा के आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तार और वहां एक भव्य मंच बनाने की भी स्वीकृति दी।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री ने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटैक्निक गजा में फार्मेसी विषय शुरू करने की घोषणा की। साथ ही, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली और पजै गाँव को इंटरमीडिएट स्तर पर तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर अपग्रेड करने का ऐलान किया। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए चाका महिला अस्पताल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में बदलकर उसे उच्चीकृत करने और चाका में सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार की बात कही।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए कोटेश्वर झील के विकास, डांडाचली में इको पार्क निर्माण और पावकी देवी व चमराड़ा देवी मंदिरों के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। उन्होंने दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गाँव और रणाकोट डांडा जमोला जैसे महत्वपूर्ण मोटर मार्गों को भी मंजूरी दी। प्रशासनिक सुगमता के लिए गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालय खोलने की स्वीकृति दी गई। हेंवल नदी में झील निर्माण और गजा बगीद में 33 KV सब-स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र में पानी और बिजली की समस्या का स्थाई समाधान होगा।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक विरासत को संजोना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार देवभूमि को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्यरत है। होमस्टे योजना और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और ग्रामीण विकास की योजनाओं के लिए उनका आभार जताया। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने भी क्षेत्र को मिली सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, दीक्षा राणा, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

 

Pls read:Uttarakhand: भीषण गर्मी से मिलेगी मुक्ति उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *