अल्मोड़ा। अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय ‘एसडीजी अचीवर्स अवार्ड’ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस भव्य कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन व्यक्तियों, समूहों और संस्थाओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने प्रदेश में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को प्राप्त करने की दिशा में नवाचारी और अनुकरणीय प्रयास किए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने संकल्प को एक बार फिर दोहराया और प्रदेश की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आंकड़े भी साझा किए।
समारोह के दौरान कुल 32 संगठनों और व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही जिला स्तरीय वार्षिक रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी सम्मानित किया गया। रैंकिंग के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे पायदान पर बागेश्वर, चमोली और टिहरी ने अपनी जगह बनाई। पुष्कर सिंह धामी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उन्हें प्रदेश के विकास का वास्तविक सारथी बताया।
सभा को संबोधित करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मान समारोह उन कर्मयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने गौरव के साथ उल्लेख किया कि एक समय उत्तराखंड नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक में दसवें स्थान पर था, लेकिन आज सामूहिक प्रयासों और प्रभावी नीतियों के कारण राज्य पूरे देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास का अर्थ केवल भौतिक निर्माण नहीं, बल्कि पर्यावरण और अर्थव्यवस्था के बीच सही संतुलन बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप ‘इकोलॉजी और इकोनॉमी’ को साथ लेकर चलने से ही स्थायी विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तराखंड की विकास दर (जीडीपी) में 7.23 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि हुई है। साथ ही प्रति व्यक्ति आय में भी 4.1 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है। सबसे उत्साहजनक बात यह है कि राज्य में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड गिरावट आई है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी बेहतर प्रदर्शन है। धामी ने कहा कि औद्योगिक विकास, स्टार्टअप को बढ़ावा, बेहतर सड़क व हवाई संपर्क और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में हुए कार्यों से ‘रिवर्स पलायन’ को बल मिला है। अब पहाड़ का युवा अपने गांव लौटकर स्वरोजगार के माध्यम से प्रदेश की उन्नति में हाथ बंटा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि उत्तराखंड का एसडीजी रैंकिंग में शीर्ष पर आना मोदी और धामी के संकल्पों का ही प्रतिफल है। प्रमुख सचिव नियोजन और ‘सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस’ के सीईओ आर मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए जनपद के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस गरिमामय समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा, रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और गोविंद पिलख्वाल सहित पलायन आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, अल्मोड़ा मेयर अजय वर्मा और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जनभागीदारी और सही दिशा में किए गए सरकारी प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।