मुंबई। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद पांच बार की चैंपियन
मुंबई इंडियंस के लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद होते नजर आ रहे हैं। इस सीजन में
आठ में से छह मुकाबले हारने के बाद अब टीम के लिए आगे का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण हो
गया है। मुंबई को अब प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने शेष छह के छह
मुकाबले जीतने होंगे और इसके बावजूद उसे दूसरी टीमों के परिणामों पर निर्भर
रहना पड़ेगा।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को हुए इस हाई-स्कोरिंग मैच में मुंबई
इंडियंस ने इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन खराब
गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के कारण उसे 6 विकेट से हार का सामना
करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत शानदार
रही। क्विंटन डिकाक की जगह टीम में शामिल हुए रियान रिकल्टन ने मौके का
पूरा फायदा उठाया और महज 55 गेंदों में नाबाद 123 रन ठोक दिए। रिकल्टन ने
अपनी इस पारी में 10 चौके और 8 छक्के जड़े। उन्होंने केवल 44 गेंदों में अपना
शतक पूरा किया, जो मुंबई इंडियंस के इतिहास का सबसे तेज शतक है। मुंबई ने
रिकल्टन और वि जैक्स (93 रनों की ओपनिंग साझेदारी) के दम पर
निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 243 रन बनाए।
इतने विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने शुरुआत से ही आक्रामक
रुख अपनाया। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में ही 92
रन बटोरकर मुंबई के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए
महज 8.3 ओवर में 129 रन जोड़े। इस दौरान ट्रेविस हेड को तीन जीवनदान मिले, जिसका
उन्होंने भरपूर फायदा उठाते हुए 76 रनों की पारी खेली। नमन धीर ने तीन बार हेड का
कैच टपकाया, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। अभिषेक शर्मा ने 45 रन बनाए, जबकि
अंत में हेनरिक क्लासेन ने नाबाद 65 रनों की पारी खेलकर आठ गेंद शेष रहते
हैदराबाद को 249 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।
मुंबई इंडियंस की हार का एक बड़ा कारण उनके स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की खराब
फॉर्म भी रही। इस सीजन के आठ मैचों में बुमराह केवल दो विकेट ले सके हैं और
हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में 54 रन लुटाए। इसके अलावा कप्तान
हार्दिक पांड्या द्वारा इंपैक्ट प्लेयर शार्दुल ठाकुर से एक भी ओवर गेंदबाजी
न कराना भी चर्चा का विषय बना रहा।
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
उनके 9 मैचों में 12 अंक हैं। वहीं, पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ शीर्ष पर
बनी हुई है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस 9वें स्थान पर खिसक गई है और उसकी टूर्नामेंट
में वापसी की उम्मीदें अब गणितीय समीकरणों पर टिकी हैं।