चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने नीदरलैंड और फिनलैंड दौरे का
विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बताया है कि राज्य सरकार ने कृषि,
उद्योग और नवाचार के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण वैश्विक साझेदारी हासिल की है।
उन्होंने कहा कि इस दौरे का सीधा लाभ राज्य के किसानों, युवाओं और
अर्थव्यवस्था को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जापान
इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के माध्यम से 1300 करोड़
रुपये का निवेश सुनिश्चित किया गया है, जो पंजाब में फसल विविधीकरण को
बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
नीदरलैंड यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध बागवानी मॉडल ‘क्यूकेनहोफ’
का अवलोकन किया और वहां पंजाब से गुलाब के निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि नीदरलैंड अपनी वर्टिकल खेती के लिए प्रसिद्ध है,
जहाँ तकनीक के माध्यम से प्रति वर्ग मीटर भूमि से 100 किलो टमाटर का
उत्पादन किया जाता है। इस मॉडल को पंजाब में भी अपनाने की योजना है।
औद्योगिक क्षेत्र में ‘एनएक्सपी सेमीकंडक्टर्स’ ने मोहाली में आरएंडडी केंद्र और
नवाचार हब स्थापित करने में गहरी रुचि दिखाई है। इसके अलावा, ‘दावत राइस’ ब्रांड
वाली ‘एलटी फूड्स’ कंपनी राजपुरा में निवेश करने के लिए सहमत हो गई है, जो अपने
चावल 80 देशों में निर्यात करती है।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने दिग्गज डच हॉकी खिलाड़ी फ्लोरिस जान
बोवेलैंडर से मुलाकात की और उन्हें पंजाब आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने
बताया कि पंजाब अपने इतिहास में पहली बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी
करेगा, जिससे राज्य में हॉकी को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
फिनलैंड दौरे का मुख्य केंद्र शिक्षा प्रणाली और शिक्षक प्रशिक्षण रहा। मुख्यमंत्री
ने वहां के आधुनिक शिक्षा मॉडल और ‘अर्ली चाइल्डहुड एजुकेशन एंड केयर’ (ईसीसीई)
प्रणालियों का अध्ययन किया। उन्होंने जानकारी दी कि पंजाब अब तक तीन बैचों
में 216 प्राथमिक शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड भेज चुका है और 72
शिक्षकों का चौथा बैच 18 मई 2026 को रवाना होने वाला है। फिनलैंड में
उन्होंने भारतीय राजदूत हेमंत एच कोटालवार और पंजाबी समुदाय से भी मुलाकात की।
उन्होंने बताया कि फिनलैंड की हॉकी टीम में पांच खिलाड़ी पंजाबी हैं, जो
राज्य के लिए गर्व की बात है।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब को दुनिया के सामने सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप
में पेश किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस प्रकार जापान और कोरिया के
दौरों से निवेश प्राप्त हुआ था, उसी प्रकार नीदरलैंड और फिनलैंड के समझौतों से
राज्य की आर्थिक समृद्धि और बढ़ेगी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह
बैंस, संजीव अरोड़ा और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
रहे।