Uttarakhand: वित्तीय साक्षरता से सशक्त होगा समाज देहरादून में बोले आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा – The Hill News

Uttarakhand: वित्तीय साक्षरता से सशक्त होगा समाज देहरादून में बोले आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा

देहरादून। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने देहरादून जिले की
विभिन्न ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों के लिए आयोजित
वित्तीय साक्षरता शिविर का निरीक्षण किया। यह शिविर क्रिसिल फाउंडेशन
के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) द्वारा भोपालपानी, बडासी और सोडा
सरौली ग्राम पंचायतों के सदस्यों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगाया गया था।

शिविर के दौरान संजय मल्होत्रा ने नागरिकों को सशक्त बनाने के लिए वित्तीय साक्षरता
को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता न केवल समृद्धि लाती है,
बल्कि दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता भी सुनिश्चित करती है। उन्होंने
उपस्थित लोगों को भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सामाजिक
सुरक्षा योजनाओं, विशेषकर पेंशन और बीमा योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के
लिए प्रोत्साहित किया। गवर्नर ने सीएफएल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि
वे समाज के हर वर्ग, विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों और वंचित तबकों तक पहुँचें
ताकि वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को पूरी तरह प्राप्त किया जा सके।

उन्होंने शिविर में आए प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे यहाँ से मिली जानकारी को
केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों के साथ भी
साझा करें। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से विस्तार से
बातचीत की और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। शिविर में बिजनेस
कोरेस्पोंडेंटों के माध्यम से बुनियादी बैंकिंग सुविधाएं
भी उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, सिक्के और पुराने नोट बदलने के लिए विशेष काउंटर
लगाए गए थे और लोगों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एटीएम वैन भी तैनात की गई थी।

संजय मल्होत्रा ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए उत्पादों के स्टालों का
अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व मेहनत की सराहना की। उन्होंने उत्पादों
की गुणवत्ता पर प्रसन्नता जाहिर की और महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के प्रयासों को
सराहा। उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं वित्तीय रूप से साक्षर
होंगी, तभी देश की अर्थव्यवस्था की नींव और अधिक मजबूत होगी।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर आरबीआई देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार समेत
भारतीय रिजर्व बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और उत्तराखंड
ग्रामीण बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त ब्लॉक विकास
अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज
कराई। गवर्नर के इस दौरे ने स्थानीय स्तर पर चल रहे वित्तीय जागरूकता अभियान
को एक नई ऊर्जा प्रदान की है और बैंकिंग सेवाओं को आम जन तक पहुँचाने के संकल्प
को दोहराया है।

 

Pls read:Uttarakhand: डायरेक्ट सेलिंग मॉडल से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मिल रही मजबूती बोले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *