Uttarakhand: गर्मी से बचाव के लिए स्कूलों में वॉटर बेल और व्यापक तैयारी के निर्देश

 

देहरादून 15 अप्रैल, 2026 (सू. ब्यूरो)

प्रदेश में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी स्कूलों में नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्र-छात्राएं समय-समय पर पानी पीते रहें और डिहाइड्रेशन से बच सकें। इस संबंध में बुधवार को उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रीष्मकालीन तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में विद्यालयों के समय में आवश्यकता अनुसार बदलाव करने, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने और ओआरएस व जरूरी दवाओं का भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही विद्यार्थियों को हीटवेव से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में पानी की कमी हो, वहां गर्मियों के दौरान निर्माण कार्यों पर अस्थायी रोक लगाई जाए और सार्वजनिक स्थानों जैसे बस अड्डे, स्टेशन और बाजारों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

हीटवेव से निपटने के लिए राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक जिले में हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी और राहत प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित कर आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अस्पतालों में पर्याप्त बेड, दवाइयों, ओआरएस और आइस पैक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एम्बुलेंस सेवाओं को भी सुदृढ़ करने और स्टाफ को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया।

श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए कार्य समय में बदलाव, छायादार विश्राम स्थलों और पेयजल की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर कूलिंग स्पेस और पानी के प्याऊ स्थापित करने, तथा बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

pls read: Uttarakhand: वनाग्नि रोकथाम के लिए व्यापक तैयारी और प्रिडिक्शन मॉडल पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *