Uttarakhand: मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा अब पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रहा भारत

 

देहरादून, 14 अप्रैल। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका हर दौरा राज्य के लिए नई ऊर्जा और विकास की सौगात लेकर आता है। उन्होंने कहा कि इस बार भी प्रदेश को बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिला है, जिनमें एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण पहल शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से राज्य की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें याद करते हुए सामाजिक समरसता और समान अवसरों के उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

बैसाखी और सिख नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पर्व देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और कृषि जीवन का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमांत गांव माणा को विशेष पहचान दिलाने से लेकर पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने तक कई पहल की गई हैं। राज्य में शीतकालीन पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कविता के माध्यम से देश की प्रगति, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे कार्यों को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री को नंदा राजजात यात्रा से जुड़ा स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाता है।

 

pls read: Uttarakhand: दिल्ली देहरादून कॉरिडोर का लोकार्पण, विकास में प्रगति प्रकृति और संस्कृति पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *