नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के रोमांच के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने अपनी बहुप्रतीक्षित सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट 2026 जारी कर दी है। बोर्ड ने आगामी व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सीजन और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कुल 21 खिलाड़ियों को इस अनुबंध में शामिल किया है। इस नई सूची की सबसे बड़ी खबर अनुभवी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल सहित कई नामी सितारों का बाहर होना है, जबकि कुछ युवा चेहरों को उनकी प्रतिभा के आधार पर टीम में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की इस नई फेहरिस्त में टेस्ट क्रिकेट और बहु-प्रारूप खेलने वाले खिलाड़ियों को विशेष वरीयता दी गई है। चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने स्पष्ट किया कि अनुबंधों का निर्धारण आगामी कठिन टेस्ट शेड्यूल को देखते हुए किया गया है। ऑस्ट्रेलिया को अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत के विरुद्ध महत्वपूर्ण मुकाबले होने हैं। ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की राह तय करने में निर्णायक साबित होंगी। वर्तमान में ऑस्ट्रेलियाई टीम एशेज में शानदार प्रदर्शन के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।
नए अनुबंधों में जेक वेदराल्ड और ब्रेंडन डॉगेट जैसे युवा खिलाड़ियों को शामिल किया जाना बोर्ड की भविष्य की सोच को दर्शाता है। जेक वेदराल्ड को कॉन्ट्रैक्ट मिलना इस बात का संकेत है कि वह आने वाले समय में टेस्ट टीम में सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही, माइकल नेसर और टॉड मर्फी की भी अनुबंध सूची में सफल वापसी हुई है। ये खिलाड़ी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपयोगिता साबित कर चुके हैं।
दूसरी ओर, कई बड़े नामों के लिए यह सूची निराशाजनक रही है। विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल, झाय रिचर्डसन, लांस मॉरिस, सैम कोंस्टास और मैट शॉर्ट को इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। वहीं, उस्मान ख्वाजा एशेज के अंत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के कारण इस सूची का हिस्सा नहीं बन पाए। जॉर्ज बेली ने यह भी कहा कि अनुबंधित खिलाड़ियों के अलावा अन्य खिलाड़ियों की भी जरूरत पड़ने पर मदद ली जाएगी और राज्यों के साथ मिलकर खिलाड़ियों के विकास पर काम जारी रहेगा।
बोर्ड ने उन खिलाड़ियों के लिए उम्मीद का दरवाजा खुला रखा है जो इस बार अनुबंध पाने में असफल रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, जो खिलाड़ी वर्तमान सूची में नहीं हैं, वे अगले 12 महीनों में अंतरराष्ट्रीय मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना कॉन्ट्रैक्ट अपग्रेड करा सकते हैं।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2026 में शामिल खिलाड़ियों की पूरी सूची:
जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड, ब्यू वेबस्टर और एडम जम्पा।
Pls read:IPL: आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी डील राजस्थान रॉयल्स को काल सोमानी ने 15 हजार करोड़ में खरीदा