Uttarakhand: रोमांच और संस्कृति के संगम टिहरी लेक फेस्टिवल में पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाई – The Hill News

Uttarakhand: रोमांच और संस्कृति के संगम टिहरी लेक फेस्टिवल में पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाई

टिहरी। उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र पर टिहरी जिले को एक वैश्विक पहचान दिलाने के लिए आगामी 6 से 9 मार्च के बीच भव्य ‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘Himalayan O₂’ नाम से आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों होना प्रस्तावित है। टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से होने वाले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य टिहरी को एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के अनुसार, इस महोत्सव के दौरान पर्यटकों को रोमांच, आध्यात्म और संस्कृति का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा। फेस्टिवल के दौरान पुरानी टिहरी की यादों को समेटे विशाल झील की सैर से लेकर गंगा की लहरों पर राफ्टिंग और रहस्यमयी खैट पर्वत की ट्रैकिंग जैसे कई आकर्षण शामिल हैं। साहसिक खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाने के लिए माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। स्थानीय लोक संस्कृति को विश्व पटल पर रखने के लिए फैशन शो और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तैयार की गई है।

इस बार महोत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए भारी पुरस्कार राशि भी रखी गई है। मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील मेकिंग, रैप सिंगिंग और मिस्टर एंड मिस टिहरी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय स्थान के लिए 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान के लिए 25 हजार रुपये की राशि तय की गई है। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 अन्य प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

सांस्कृतिक संध्याओं को यादगार बनाने के लिए देश के जाने-माने कलाकार टिहरी पहुंच रहे हैं। 6 मार्च को कोटी कॉलोनी में ‘पांडवाज’ बैंड अपनी प्रस्तुति देगा, जबकि 7 मार्च को प्रसिद्ध बॉलीवुड संगीतकार अमित त्रिवेदी अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड के इतिहास के महान योद्धा वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित एक विशेष नाटक का मंचन भी किया जाएगा।

साहसिक पर्यटन के शौकीनों के लिए प्रतापनगर में माजफ–पीडी ट्रैक और खैट पर्वत ट्रैक का आयोजन होगा, जबकि घनसाली में बासल ताल ट्रैक पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। नरेंद्र नगर ब्लॉक के अंतर्गत ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग और धनोल्टी क्षेत्र में माउंटेन बाइक राइड (एमटीबी) जैसे रोमांचक खेल आयोजित होंगे। आध्यात्म से जुड़ाव रखने वाले पर्यटकों के लिए देवप्रयाग के रघुनाथ मंदिर के दर्शन, संगम पर गंगा आरती और योगाभ्यास का विशेष प्रबंध किया गया है। साथ ही ऐतिहासिक वेदशाला का भ्रमण भी कराया जाएगा।

 

Pls read:Uttarakhand: मुख्यमंत्री आवास में चम्पावत के होल्यारों ने बिखेरी कुमाऊंनी संस्कृति की छटा, पुष्कर सिंह धामी ने दी शुभकामनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *