Uttarpradesh: जापान में योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत और हाइड्रोजन तकनीक का किया निरीक्षण – The Hill News

Uttarpradesh: जापान में योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत और हाइड्रोजन तकनीक का किया निरीक्षण

टोक्यो/यमानाशी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे का गुरुवार को दूसरा दिन रहा। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने यामानाशी प्रांत का भ्रमण किया और वहां रह रहे भारतीय मूल के नागरिकों व बच्चों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर भारतीय प्रवासियों में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान बच्चों ने भारतीय परंपरा का निर्वहन करते हुए योगी आदित्यनाथ के पैर छुए और उन्हें संस्कृत के श्लोक सुनाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों के प्रति स्नेह प्रकट करते हुए उनसे बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भेंट की।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच भौगोलिक और प्राकृतिक समानताओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ की आबादी के साथ भारत का सबसे बड़ा राज्य है। उन्होंने रेखांकित किया कि जिस प्रकार प्रकृति की असीम कृपा जापान के यामानाशी प्रांत पर बनी हुई है, वैसी ही प्राकृतिक संपन्नता उत्तर प्रदेश को भी प्राप्त है। उन्होंने कहा कि इन प्राकृतिक संसाधनों और सुविधाओं से संपन्न होने का सीधा लाभ उत्तर प्रदेश के विकास और वहां के नागरिकों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बदलते आर्थिक परिदृश्य और प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश वर्तमान में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आर्थिक उपलब्धियों का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना तक बढ़ाने में बड़ी सफलता हासिल की गई है। यह प्रगति राज्य में हो रहे बुनियादी सुधारों और निवेश के अनुकूल वातावरण का परिणाम है।

अपने आधिकारिक कार्यक्रमों की कड़ी में योगी आदित्यनाथ ने यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस बैठक में दोनों क्षेत्रों के बीच आपसी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में जापानी विशेषज्ञता को समझने के लिए कोमेकुरायामा हाइड्रोजन रिसर्च फैसिलिटी का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने वहां की ‘पावर-टू-गैस’ (P2G) सिस्टम आधारित हाइड्रोजन सुविधा का भी निरीक्षण किया। जापानी विशेषज्ञों ने उन्हें हाइड्रोजन ऊर्जा के उत्पादन और उसके भविष्य के उपयोग के बारे में तकनीकी जानकारी प्रदान की। योगी आदित्यनाथ का यह दौरा उत्तर प्रदेश में अत्याधुनिक तकनीक और वैश्विक निवेश को आकर्षित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *