Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू का विपक्ष पर हमला, धारा 118 कमजोर करने और वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप

सोलन। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हम पर धारा 118 को कमजोर करने का आरोप लगाता है, जबकि पूर्व भाजपा सरकार ने ही इसे कमजोर किया।

पूर्व भाजपा सरकार ने बद्दी में पांच बड़े कस्टमाइज्ड पैकेज के तहत पांच हजार बीघा जमीन मात्र 14 करोड़ रुपये में दी, जबकि इस जमीन का मूल्य एक हजार करोड़ रुपये है। इसके अलावा उन्हें बिजली व पानी भी निश्शुल्क कर दिया। धारा 118 को लेकर प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोलन के ममलीग में गत दिवस आयोजित सभा में विपक्ष पर निशाना साधा है।

वैट से होती थी 4000 करोड़ की आय

उन्होंने कहा कि मूल्य वर्धित कर (वैट) से प्रदेश को चार हजार करोड़ रुपये की आय होती थी, लेकिन जीएसटी लागू होने से नुकसान हुआ। उसकी भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने मुआवजा जुलाई 2022 तक दिया। उसके बाद से हिमाचल को कुछ नहीं मिला।

भाजपा सरकार को 50 हजार करोड़ अधिक मिले

पिछली भाजपा सरकार को 50 हजार करोड़ रुपये अधिक मिले, लेकिन उसे प्रदेश के लोगों की भलाई के लिए खर्च नहीं किया गया। आज प्रदेश को कर्ज चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। पिछली सरकार ने सिर्फ भवन बनाए, जबकि वहां सुविधाओं व स्टाफ की भर्ती पर ध्यान नहीं दिया गया।

आधुनिक मेडिकल टेक्नोलाजी पर जोर

उन्होंने कहा कि सरकार एम्स दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक मेडिकल टेक्नोलाजी पर तीन हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इन प्रयासों से अटल सुपर स्पेशिलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा और डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू कर दी है।

चमियाणा, आइजीएमसी शिमला व टांडा में आटोमेटेड लैब स्थापित करने के लिए सरकार ने 75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इससे एक ही ब्लड सैंपल से मरीजों के कई टेस्ट एक साथ हो सकेंगे। 70 वर्ष के ऊपर के बुजुर्गों के स्वास्थ्य की देखभाल घर-घर जाकर होगी। इसके लिए रोगी मित्र रखे जाएंगे।

शांडिल के बेटे ने ली कांग्रेस की सदस्यता

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धनीराम शांडिल के बेटे डॉक्टर कर्नल संजय शांडिल ने मुख्यमंत्री सुक्खू के सामने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने उनका कांग्रेस की पट्टी पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर कर्नल संजय शांडिल भी पिता की तरह देश सेवा के बाद अब कांग्रेस पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

 

Pls reaD:Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री और 16वें वित्तायोग के अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात, वित्तीय संकट पर चर्चा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *