उत्‍तराखंड में आज से नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा

 देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अब राज्य में चुनावी माहौल गर्माने की तैयारी में जुट गई है। इस कड़ी में पार्टी ने नई रणनीति के अंतर्गत माहभर के कार्यक्रम तय कर दिए हैं। बुधवार को ‘घर घर भाजपा, हर घर भाजपा’ जनसंपर्क अभियान से इसकी शुरुआत भी हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का 15 अथवा 16 नवंबर को कुमाऊं क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि इसी माह सभी 252 मंडल इकाइयों के सम्मेलन, 14 जिला इकाइयों की कार्यसमिति की बैठकें व सभाएं होंगी। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी इसी माह देहरादून में प्रस्तावित है।

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा मैदान में उतर चुकी है। पार्टी ने बूथ स्तर तक अपनी इकाइयों को सक्रिय करने के साथ ही पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिलों में मंत्रियों, प्रांतीय पदाधिकारियों के दौरे हो चुके हैं। केंद्रीय मंत्रियों के दौरों की शुरुआत पिछले माह से हो चुकी है। हाल में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब प्रदेश में चुनाव अभियान को नई रणनीति के साथ मूर्त रूप दिया जा रहा है।

इस कड़ी में बीते रोज पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें माहभर के कार्यक्रम तय किए गए। बुधवार को जनसंपर्क अभियान की शुरुआत के अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव की दृष्टि से पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में खड़ी है। माहभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा रखते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी के चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन प्रभारी गुरुवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। वे दो दिन तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *