Delhi: अनुराग ठाकुर के ‘हनुमान अंतरिक्ष में जाने वाले पहले व्यक्ति’ बयान पर विवाद, विपक्ष ने साधा निशाना – The Hill News

Delhi: अनुराग ठाकुर के ‘हनुमान अंतरिक्ष में जाने वाले पहले व्यक्ति’ बयान पर विवाद, विपक्ष ने साधा निशाना

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को पीएम श्री नवोदय विद्यालय पेखूबेला में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए विजिटिंग कार्ड की सराहना की। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में, जब उन्होंने बच्चों से पूछा कि अंतरिक्ष जाने वाला पहला व्यक्ति कौन था, तो बच्चों ने नील आर्मस्ट्रांग का जवाब दिया। इस पर ठाकुर ने कहा, “मुझे लगता है अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले व्यक्ति हनुमान जी थे।” अनुराग ठाकुर के इस बयान पर अब विपक्ष ने निशाना साधना शुरू कर दिया है।

जानिए क्या बोले अनुराग ठाकुर
दरअसल, हिमाचल प्रदेश के ऊना में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तर्क दिया कि ज्ञान परंपराओं का विस्तार अंग्रेजों द्वारा हमें दी गई पाठ्यपुस्तकों से आगे आना चाहिए। उन्होंने इस दौरान शिक्षकों से अनुरोध किया कि वे बच्चों को हमारे वेदों, हमारी पाठ्यपुस्तकों और हमारे ज्ञान की ओर भी ले जाने की कोशिश करें, जिससे बच्चों को बहुत कुछ देखने का मौका मिलेगा।

डीएमके ने अनुराग ठाकुर पर कसा तंज
अनुराग ठाकुर की इस टिप्पणी पर विपक्ष ने निशाना साधना शुरू कर दिया है। डीएमके सांसद कनिमोझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “एक सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री द्वारा स्कूली बच्चों से यह पूछना कि चांद पर सबसे पहले किसने कदम रखा और इस पर जोर देना कि नील आर्मस्ट्रांग नहीं बल्कि हनुमान ने कदम रखा था, बेहद परेशान करने वाला है।” उन्होंने आगे लिखा कि “विज्ञान कोई पौराणिक कथा नहीं है। कक्षाओं में युवाओं को गुमराह करना ज्ञान, तर्क और हमारे संविधान में निहित वैज्ञानिक सोच की भावना का अपमान है।”

जल्द ही भारत स्थापित करेगा अपना स्पेस स्टेशन
इसी कार्यक्रम में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की हालिया उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने साल 2023 में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और वैज्ञानिकों को सहयोग देने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका का उल्लेख किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत का लक्ष्य 2025 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना है, वहीं, साल 2040 तक चंद्रमा पर मानव युक्त लैंडिंग कराना है।

 

Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार जल्द संभव, धामी और भट्ट ने दिए संकेत; मंत्री पद की दौड़ तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *