केदारनाथ धाम में पीएम मोदी, गर्भगृह में पूजा कर लिया आशीर्वाद – The Hill News

केदारनाथ धाम में पीएम मोदी, गर्भगृह में पूजा कर लिया आशीर्वाद

 देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर में पहुंच बाबा केदार का आशीर्वाद लिया। गर्भगृह में प्रधानमंत्री ने लगभग 18 मिनट तक की पूजा। 8 बजकर 42 मिनट पर पूजा शुरू हुई, जो नौ बजे तक चली। इसके बाद पीएम मोदी ने स्वयंभू शिवलिंग की परिक्रमा भी की। पूजा के दौरान पुरोहितों ने पीएम मोदी के अगले पांच साल प्रधानमंत्री बनने की भी कामना की। इसके बाद पीएम मोदी ने आदि शंकराचार्य की 12 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।

आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का किया अनावरण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदि शंकराचार्य की 12 फीट ऊंची और 35 टन वजनी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने वहां बैठकर मानस पूजा की। ये प्रतिमा कर्नाटक के मैसूर में में तैयार की गई। कृष्ण शिला से निर्मित इस प्रतिमा को पिछले दिनों पहले गौचर और इसके बाद वायुसेना के हेलीकाप्टर की मदद से केदारनाथ पहुंचाया गया था।

हेलीपैड से मंदिर तक पैदल गए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से लगाव किसी से छुपा नहीं है। वे कई बार बाबा केदार के दर्शनों को यहां आ चुके हैं। आज फिर एक बार पीएम मोदी केदारनाथ धाम पहुंचे। विशेष विमान से हेलीपैड पर पहुंचने के बाद वे मंदिर के लिए पैदल ही निकल पड़े। हालांकि, हेलीपैड पर ऑल टेरिन वाइकल भी रखा गया था, लेकिन पीएम मोदी ने पैदल मंदिर तक पहुंचने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *