देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय इतिहास में दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर प्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। श्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘नए भारत का निर्माता’ बताते हुए उनके नेतृत्व में देश की प्रगति और वैश्विक पटल पर भारत की बढ़ती साख की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत न केवल तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है, बल्कि विश्व में एक नई और सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर परिश्रम कर रहे हैं, जिसका परिणाम आज हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है।
“अंत्योदय के सिद्धांत पर हुआ काम”
श्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी की ‘अंत्योदय’ की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाएं यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, जो सच्चे अर्थों में लोक-कल्याणकारी शासन का प्रतीक है।
“विकसित भारत का संकल्प”
नए भारत के निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री को देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में नवाचार के माध्यम से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इनोवेशन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के जिस संकल्प को देश और दुनिया के सामने रखा है, वह 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक प्रेरणा और स्पष्ट रोडमैप है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रत्येक भारतवासी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमें प्रधानमंत्री मोदी का दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व मिल रहा है, जो देश को हर चुनौती से निकालकर नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सक्षम है।
अपने संदेश के अंत में, उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड के आराध्य देव भगवान बद्री विशाल और बाबा केदार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।