मंगलौर (हरिद्वार)। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद विधानसभा मंगलौर में एक धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए और खुद ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। रैली में भारी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। महाराजा महेंद्र प्रताप स्नातक महाविद्यालय खेल मैदान, नारसन पहुँचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि UCC लागू करके बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, देश का पहला राज्य बन गया है जिसने UCC लागू किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर विधानसभा में आयोजित यह रैली उनका नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंड वासियों का सम्मान है। उन्होंने रैली में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और किसानों के हित में कई फ़ैसले लिए गए हैं, जैसे किसान सम्मान निधि, उचित मूल्य पर फसल खरीद , फसल बीमा, और किसान क्रेडिट कार्ड की राशि बढ़ाना।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए 14 हज़ार करोड़ की 7 नई परियोजनाओं पर काम शुरू किया जा रहा है और बागवानी के क्षेत्र में 80% सब्सिडी दी जा रही है। गेहूं खरीद पर ₹20 प्रति क्विंटल बोनस और गन्ने के मूल्य में भी ₹20 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। साथ ही, 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति, कीवी नीति और ड्रैगन फ्रूट नीति जैसी योजनाएं लागू की जा रही हैं।

भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और भ्रष्ट अधिकारियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हरिद्वार भूमि घोटाले का उदाहरण देते हुए बताया कि इस मामले में IAS और PCS अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
मंगलौर विधानसभा के लिए घोषणाएं:
-
लिब्बरहेड़ी में महाराजा सूरजमल के नाम पर खेल स्टेडियम का निर्माण
-
मंगलौर से गुरुकुल, लंढौरा बाईपास (हरचंदपुर) पुल तक सर्की रजवाहे की पटरी की पक्की सड़क
इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, सभी ब्लॉक प्रमुख, सभी मंडल अध्यक्ष, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी रुड़की प्रेमलाल, लक्ष्मी राज चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।