न्यूयार्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने में भूमिका निभाई। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के साथ बड़े व्यापारिक सौदे कर रहा है और इसी के ज़रिए उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव कम कराया। ट्रंप ने कहा कि स्थिति बिगड़ रही थी, लेकिन उन्होंने दोनों देशों से बात की और मामला सुलझा लिया। उन्होंने पाकिस्तान के नेताओं की प्रशंसा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मित्र बताया।
भारत-पाकिस्तान तनाव:
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय ठिकानों पर हमले का प्रयास किया, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। 10 मई को दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम हुआ। ट्रंप बार-बार इस संघर्ष विराम में अपनी भूमिका का दावा करते रहे हैं।
‘श्वेत नरसंहार’ पर विवाद:
ट्रंप और रामफोसा के बीच ‘श्वेत नरसंहार’ के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका में श्वेत लोगों का नरसंहार हो रहा है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने इस आरोप को खारिज कर दिया। दक्षिण अफ्रीका में हत्या की दर ज़्यादा है, लेकिन ज़्यादातर पीड़ित अश्वेत हैं।
ट्रंप ने वीडियो दिखाया:
ट्रंप ने रामफोसा को एक वीडियो दिखाया, जिसमें कथित तौर पर श्वेत लोगों के नरसंहार के साक्ष्य दिखाए गए थे। ट्रंप ने दावा किया कि वीडियो में हज़ारों श्वेत किसानों की कब्रें हैं। रामफोसा ने कहा कि उन्होंने ऐसा पहले नहीं देखा और वे इस स्थान की जाँच करवाएँगे। ट्रंप ने कुछ लेखों की प्रतियाँ भी दिखाईं, जिनमें कथित तौर पर मारे गए श्वेत दक्षिण अफ्रीकी लोगों के बारे में बताया गया था। इस दौरान रामफोसा ज़्यादातर भावशून्य रहे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी गोल्फ खिलाड़ियों की सराहना की और रामफोसा ने महत्वपूर्ण खनिजों और व्यापार पर बातचीत की इच्छा जताई।
Pls read:US: अमेरिका ने मिनटमैन III अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया