शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम का सशक्तिकरण (ईसोमसा) विभाग के ई-कल्याण पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल हिम परिवार पोर्टल के अंतर्गत तैयार किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश के सभी पात्र आवेदक ईसोमसा निदेशालय द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर कार्य कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में आठ सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं चल रही हैं, जिन पर पिछले वित्त वर्ष में 1410 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे 8.24 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए। इस वित्त वर्ष में 37 हजार नए लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा, जिसके लिए लगभग 67 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे।
ई-कल्याण पोर्टल को हिम भूमि, हिम परिवार, आधार और पीडीएस राशन कार्ड डेटाबेस से जोड़ा गया है। आवेदक स्वयं या लोकमित्र केंद्र के माध्यम से https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों को अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन की त्रुटियों और सत्यापन की सूचना भी डिजिटल माध्यम से मिलेगी। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने एफआरए कैलेंडर भी जारी किया
मुख्यमंत्री सुक्खू ने 2025-26 के लिए एफआरए कैलेंडर भी जारी किया। इसमें वन अधिकार अधिनियम के तहत वर्ष भर की जाने वाली गतिविधियों का विवरण है। यह कैलेंडर राजस्व अधिकारियों के लिए मार्गदर्शिका का काम करेगा। इससे एफआरए संबंधित कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी सुनिश्चित होगी। इस मौके पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।