ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया। खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ सेना ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। बिरली गली, जिसे बिरली धार के नाम से भी जाना जाता है, में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। सुबह लगभग सात बजे आतंकवादियों से संपर्क स्थापित होते ही दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। इसी दौरान सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस घटना की पुष्टि की है।
मुठभेड़ स्थल बसंतगढ़ से लगभग 10-12 किलोमीटर दूर बिरली गली, बिरली धार क्षेत्र में है। यह एक दुर्गम, ऊंचाई वाला इलाका है जहां केवल मवेशी चराने वाले लोग अस्थायी रूप से कच्चे आश्रय बनाकर रहते हैं। इस स्थान तक पहुँचने के लिए पैदल रास्ता है और लगभग तीन घंटे का समय लगता है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों के घेरे में आए आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं। उनके पास भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद होने की आशंका है। इसी सूचना के बाद अन्य स्थानों से अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया है।
फिलहाल मुठभेड़ जारी है और सुरक्षाबल आतंकवादियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।