देहरादून : भाजपा नेता मथुरा दत्त जोशी के दावे के अनुसार 10 कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने इस दावे को खारिज करते हुए पलटवार किया है।
भाजपा नेता मथुरा दत्त जोशी, जो पहले कांग्रेस में थे, ने दावा किया कि 10 कांग्रेस विधायक जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस बयान के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश में है और हाल ही में अहमदाबाद में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में चुनावी राज्यों में पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया गया था।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जोशी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कई नेता पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जा चुके हैं, जिससे भाजपा में बेचैनी और उथल-पुथल मची है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अब कांग्रेस के लिए कोई जगह नहीं बची है। माहरा ने कांग्रेस की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि विधायकों के पार्टी छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता।