शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा दौलत सिंह पार्क में हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत परमार की प्रतिमा के बगल में लगाई जाएगी और इसका अनावरण 23 जून को वीरभद्र सिंह की जयंती पर किया जाएगा। प्रतिमा स्थापना का सारा खर्च राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाएगा।
राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन:
लोक निर्माण मंत्री और फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन नाम से एक नया ट्रस्ट पंजीकृत किया गया है। फिलहाल इस ट्रस्ट में चार लोग शामिल हैं, लेकिन भविष्य में और लोगों को भी जोड़ा जाएगा। ट्रस्ट का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा। यह ट्रस्ट दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेगा और सभी वर्गों के लोग इससे जुड़ सकेंगे.
सरकार से कोई मदद नहीं:
विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सहयोग का आश्वासन देने के लिए धन्यवाद दिया, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि फाउंडेशन प्रतिमा स्थापना का सारा खर्च खुद वहन करेगा और सरकार से कोई मदद नहीं लेगा।
Pls reaD:Himachal: हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में बाह्य रोगियों के मुफ्त टेस्ट बंद होने की तैयारी