बड़कोट (उत्तरकाशी): यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन सुबह 11:55 बजे खुलेंगे। इससे पहले, मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 8 बजे यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त यमुना मंदिर परिसर, खरसाली गांव में निकाला गया।
बस यात्रा पंजीकरण के लिए OTP नहीं होगा जरूरी:
संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे से मुलाकात की और आधार कार्ड पर OTP के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया। सचिव ने आश्वासन दिया कि जिन यात्रियों को संयुक्त रोटेशन अपनी बसों से भेजेगा, उनके लिए OTP अनिवार्य नहीं होगा। उनका पंजीकरण आधार कार्ड नंबर के आधार पर ही किया जाएगा। इससे पहले, परिवहन कारोबारियों ने बताया था कि कई लोगों के आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर बंद हो चुके हैं, जिससे पंजीकरण में समस्या आ रही है।
पोर्टल पर दर्ज होंगे परिवहन कंपनियों के नाम:
सचिव पर्यटन ने बताया कि संयुक्त रोटेशन के अंतर्गत आने वाली सभी नौ परिवहन कंपनियों के नाम यात्रा पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे, ताकि यात्री इन कंपनियों में यात्रा के लिए बुकिंग करा सकें।